9.1 C
Munich
Thursday, November 5, 2026

सीने में संक्रमण से जूझ रहे शरद पवार, डॉक्टरों ने बताया अब कैसी है तबीयत

Must read

मुंबई 

महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत को लेकर बड़ी खबर है। 85 वर्षीय शरद पवार को बुधवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में दो दिन इलाज के बाद छुट्टी दी गई थी। हालांकि, मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने शरद पवार की सेहत को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें खांसी और संक्रमण की शिकायत हुई है। उनके लक्षण ब्रोंकाइटिस (Bronchitis) जैसे हैं। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है।

खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे में हुए थे भर्ती
शरद पवार को 2 नवंबर को खांसी और सीने में दर्द (प्लूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच की गई और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। ‘प्लूरिटिक पेन’ सीने में होने वाला ऐसा दर्द है जो आमतौर पर सांस लेने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है।

रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया था कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद शरद पवार को सामान्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके कुछ घंटे बाद ही उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

सुप्रिया सुले ने दी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी
शरद पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी।

इससे पहले उन्होंने बताया था कि उनके पिता की मेडिकल जांच की जा रही है और स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं। अब ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उनकी स्थिति स्थिर बताई है।

PM मोदी ने फोन कर जाना हालचाल
शरद पवार की तबीयत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चिंता जताई। पुणे के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने बुधवार सुबह फोन पर शरद पवार से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। पवार के सहयोगी विट्ठल मनियार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे आत्मीयता के साथ बातचीत की और पूरी तरह आराम करने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि सुप्रिया सुले अब पूरी तरह तैयार हैं और वह तथा अन्य लोग देश के लिए काम कर सकते हैं। इसलिए शरद पवार को अब अपनी सेहत पर ध्यान देते हुए आराम करना चाहिए।

इस पर शरद पवार ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह आराम कर रहे हैं और उन्हें देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जिम्मेदारियां संभालने के लिए कई लोग मौजूद हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

फिलहाल कैसी है शरद पवार की तबीयत?
ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी के अनुसार, शरद पवार को खांसी और संक्रमण के साथ ब्रोंकाइटिस जैसे लक्षण हैं। उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article