देहरादून
दीवाली के मौके पर उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को एक हफ्ते के भीतर दूसरा बड़ा तोहफा मिल गया। दीवाली बोनस के बाद सरकार ने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) भी बढ़ा दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को डीए में तीन प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस फैसले से राज्य के कर्मचारियों का डीए 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। ये बढ़ी हुई दर एक जुलाई, 2026 से मान्य होंगी।
इस फैसले का निर्णय का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ ही स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पात्र कार्मिकों को भी मिलेगा।
पात्र कर्मचारियों को एक जुलाई, 2026 से 31 अक्टूबर, 2026 तक की अवधि के डीए के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने भी सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन पा रहे कर्मियों के डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। 28 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (डीआर) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। मंत्रिमंडसल के इस फैसले से करीब 1.17 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसले की जानकारी देते हुए इसे 'दिवाली का तोहफा' बताया था।
केंद्र सरकार के अलावा इन राज्यों ने भी दिया है डीए वाला तोहफा
गुजरात में 3 फीसदी बढ़ा डीए- गुजरात सरकार ने अपने 4.62 लाख सेवारत कर्मचारियों और 5.07 लाख पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इस घोषणा से 9.69 लाख से अधिक लाभार्थियों को राहत मिलेगी। यह वृद्धि एक जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी। जुलाई से अक्टूबर, 2026 तक के चार महीने के बकाये का भुगतान नवंबर के वेतन और पेंशन के साथ एकमुश्त किया जाएगा। महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ राज्य सरकार के विभागों, पंचायत सेवाओं और अन्य संगठनों के कर्मचारियों के साथ-साथ छठे तथा सातवें वेतन आयोग के तहत आने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी मिलेगा।
पंजाब सरकार ने भी किया इजाफा- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के करीब आठ लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में तीन प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य में डीए की दर बढ़कर 53 प्रतिशत हो गई है। बढ़ा हुआ भत्ता एक नवंबर से लागू होगा और दिसंबर में मिलने वाले वेतन तथा पेंशन में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी सरकार ने 2022 में सत्ता संभालने के समय कर्मचारियों को 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था, जो अब बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। सितंबर में आठ प्रतिशत वृद्धि की घोषणा के बाद अब दो महीने के भीतर कुल 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि इतनी कम अवधि में पहली बार किसी सरकार ने महंगाई भत्ते में इतनी वृद्धि की है।
राजस्थान के कर्मचारियों के लिए भी खुशखबरी- राजस्थान सरकार ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत में तीन प्रतिशत की वृद्धि को शुक्रवार को मंजूरी दी। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को यह सौगात दी है। इस वृद्धि के बाद महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगी जिससे प्रदेश के सात लाख से अधिक कर्मचारी और पांच लाख से अधिक पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे।
मध्य प्रदेश सरकार ने भी दी मंजूरी-मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दीपावली से पहले राज्य सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत की वृद्धि करने की शुक्रवार को घोषणा की। एक अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से मिलेगा, जबकि पेंशनभोगियों को जुलाई 2026 से बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों के हितों के साथ हमेशा खड़ी है। यादव ने कहा, 'राज्य सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की वृद्धि कर रही है। यह जनवरी से देय होगा।'



