Home Blog Page 26

इकोनॉमी को बूस्ट करने और सुस्ती से निपटने के लिए बजट में हो सकती हैं बड़ी घोषणा, ये मुद्दे अहम

0

पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई बैठक में बजट की व्यापक रूपरेखा पर चर्चा की गई है और विस्तृत जानकारी के लिए आगे और अधिक चर्चा की जाएगी।
मोदी सरकार आगामी आम बजट में देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार में लाने और मौजूदा आर्थिक सुस्ती को दूर करने के लिए बड़े ऐलान कर सकती है। यह घोषणाएं मांग को समर्थन देने और विकास को बढ़ावा देने के लिए की जा सकती है, क्योंकि धीमी होती अर्थव्यवस्था को मदद की जरूरत है। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, इनमें मिडिल क्लास के लिए टैक्स रिलीफ, इंडस्ट्रीज को प्रतिकूल बाहरी वातावरण से बचाने के लिए टैरिफ उपाय, और रोजगार सृजन और निजी निवेश को बढ़ावा देने की पहल की जा सकती है। पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई बैठक में बजट की व्यापक रूपरेखा पर चर्चा की गई है और विस्तृत जानकारी के लिए आगे और अधिक चर्चा की जाएगी।
बजट को एक मजबूत संकेत देने पर विचार
खबर के मुताबिक, आगामी 1 फरवरी को देश का आम बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी। इस बात की चर्चा है कि सरकार बजट में एक मजबूत संदेश देने के लिए उत्सुक है। सरकार में यह विचार बढ़ रहा है कि इस बजट को एक मजबूत संकेत देना चाहिए। वित्त वर्ष 2025 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर यानी जीडीपी चार साल के निचले स्तर 6.4% पर पहुंचने का अनुमान है, जिससे मांग और निवेश को बढ़ावा देने के उपायों की मांग बढ़ेगी। नई कर व्यवस्था के तहत व्यक्तियों के लिए राहत, कॉर्पोरेट कर का सरलीकरण और स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) की आसान व्यवस्था पर भी बात हो सकती है।

निजी निवेश को बढ़ावा देने की होगी कोशिश
मौजूदा समय में, जिस व्यक्ति की 15 लाख रुपये सालाना आय है, उसपर सबसे अधिक 30% टैक्स लागू होता है। कम टैक्स बोझ शहरी मांग में कमी को पुनर्जीवित करने में मदद कर सकता है। बीते साल जुलाई के बजट में घोषित तीन रोजगार-संबंधी प्रोत्साहन योजनाओं के आधार पर कुछ फॉलो अप उपायों से भी रोजगार पैदा करने में समर्थन मिलने की संभावना है। बजट में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए और अधिक जोर दिए जाने की उम्मीद है। विदेशी निवेश व्यवस्था को आसान बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई है और बजट में इसका उल्लेख हो सकता है।

31 लाख करोड़ रुपये से अधिक अटके
कर परामर्शदाता ईवाई इंडिया ने हाल ही में कहा है कि आगामी बजट में निजी पूंजीगत व्यय के प्रोत्साहन, कर सरलीकरण और मांग को बढ़ावा देने के लिए व्यक्तिगत आयकर में कटौती पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2023-24 तक आयकर विवादों में 31 लाख करोड़ रुपये से अधिक अटके हुए हैं। इसे देखते हुए आयकर आयुक्त (अपील) के पास लंबित मामलों को निपटाने और अग्रिम मूल्य निर्धारण समझौते एवं सुरक्षित ठिकानों जैसे वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र को मजबूत करने की तत्काल जरूरत है।

चार बच्चे पैदा करो, एक लाख रुपये ले जाओ”, परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने किया ऐलान

0

परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने एक सम्मेलन के दौरान बड़ी घोषणा करके विवाद खड़ा कर दिया। उन्होने कहा कि चार बच्चे पैदा करने वाले जोड़ों को बोर्ड की ओर से एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इंदौर: मध्य प्रदेश सरकार के परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजोरिया ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने ब्राह्मणों के एक समुदाय के एक सम्मेलन के दौरान घोषणा करते हुए कहा कि इस समुदाय में चार बच्चे पैदा करने वाले जोड़ों को बोर्ड की ओर से एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। हालांकि, इस घोषणा के तूल पकड़ने के बाद राजोरिया को सफाई देनी पड़ी। सफाई में उन्होंने कहा कि सूबे में ब्राह्मण समुदाय की आबादी बढ़ाने को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार के स्तर पर कोई भी इनामी योजना शुरू नहीं की गई है। वह अपनी निजी हैसियत से यह इनाम देंगे।
परिचय सम्मेलन में शामिल हुए राजोरिया
दरअसल, परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष इंदौर में सनाढ्य ब्राह्मण समुदाय के विवाहयोग्य युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यह घोषणा की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राजोरिया इस वीडियो में कहते सुनाई पड़ रहे हैं कि अच्छी पद-प्रतिष्ठा प्राप्त करने के बाद युवा महज एक बच्चा पैदा करके अपने परिवार पर विराम लगा देते हैं और यह मामला बड़ा ही गड़बड़ चल रहा है।

चार बच्चे पैदा करने की अपील
उन्होंने परिचय सम्मेलन में भाग ले रहे युवक-युवतियों से मुखातिब होते हुए कहा, ‘‘मेरा आपसे आग्रह है कि कम से कम चार (बच्चे) तो होना ही चाहिए। सनाढ्य समाज में जिनके चार बच्चे होंगे, तो उनको एक लाख रुपये का इनाम परशुराम कल्याण बोर्ड देगा।’’ राजोरिया ने यह भी कहा कि परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर आसीन किसी भी व्यक्ति की ओर से यह इनाम दिया जाएगा, भले ही भविष्य में वह इस पद पर रहे या न रहें।

सरकार ने नहीं शुरू की कोई योजना
परिचय सम्मेलन में की गई घोषणा के बारे में पूछे जाने पर राजोरिया ने सोमवार को कहा, ‘‘इस सम्मेलन के दौरान 58 जोड़ों की शादी तय हो गई है। मैंने सम्मेलन में भाग लेने वाले युवक-युवतियों के लिए घोषणा की थी कि अगर वे शादी के बाद चार संतान पैदा करेंगे, तो उन्हें मेरी ओर से एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार राशि का प्रबंध वह व्यक्तिगत हैसियत या सामाजिक सहयोग से करेंगे और प्रदेश सरकार ने इस पुरस्कार के लिए कोई योजना शुरू नहीं की है। राजोरिया ने दावा किया कि देश में वर्ष 1951 के मुकाबले ब्राह्मणों की आबादी घटकर आधी रह गई है।

महाकुंभ का पहला अमृत स्नान जारी, 4 करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद

0

Mahakumbh 2025: 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन महाकुंभ का पहला अमृत स्नान किया जा रहा है। सबसे पहले नागा साधुओं के अखाड़े अमृत स्नान कर रहे हैं।
महाकुंभ का पहला अमृत स्नान 14 जनवरी 2025 को किया जा रहा है। सबसे पहले नागा साधु पवित्र त्रिवेणी घाट में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। इसके बाद अन्य भक्तों को संगम में डुबकी लगाने का मौका दिया जाएगा। 144 सालों के बाद लग रहे इस महाकुंभ में देश-विदेश से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु प्रयाग राज पहुंचे हैं। महाकुंभ में स्नान करने से पाप से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति भक्तों को होती है।
सनातन धर्म पर हमला करने वालों को श्रद्धालु करारा जवाब दे रहे हैं: साध्वी निरंजन ज्योति
निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा, “यह महाकुंभ 144 वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा है, और हम भाग्यशाली हैं जो इसे देख रहे हैं। यहां लोगों का समुद्र है। मैं कहूंगी कि जो लोग सनातन धर्म पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे, प्रयागराज के भक्त उन्हें करारा जवाब दे रहे हैं।”
हम खुशी और जोश के साथ डुबकी लगाने जा रहे हैं: अटल अखाड़े के संत
मकर संक्रांति पर श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े को सबसे पहले अमृत स्नान का मौका दिया गया था। अटल अखाड़े के एक संत ने पवित्र डुबकी लगाने से पहले कहा कि, “यह आस्था का कुंभ है और हम खुशी और जोश के साथ इसमें डुबकी लगाने जा रहे हैं।”

UPI से लेनदेन करने वालों के लिए बड़ा खतरा! SBI ने जारी की चेतावनी

0

भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को एक टेक्स्ट मैसेज कर चेतावनी दी है और सतर्क रहने की अपील की है। एसबीआई ने मैसेज में लिखा है, ”प्रिय एसबीआई ग्राहक, अप्रत्याशित डिपॉजिट के बाद तत्काल पैसे वापस करने वालेस अनुरोधों से सावधान रहें। सत्यापन के बिना कलेक्ट यूपीआई रिक्वेस्ट को अप्रूव न करें।
भारत जितनी तेजी से डिजिटल हो रहा है, उतनी ही तेजी से देशभर में साइबर फ्रॉड के मामले भी बढ़ रहे हैं। जब तक लोग एक तरह के फ्रॉड को लेकर जागरूक हो रहे हैं, तब तक फ्रॉड का एक नया तरीका सामने आ जा रहा है। इन दिनों यूपीआई के नाम से होने वाले फ्रॉड के भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अगर आप भी यूपीआई से लेनदेन करते हैं तो आपको काफी सावधान रहने की जरूरत है। बतातें चलें कि भारत का एक बड़ा तबका ऑनलाइन लेनदेन के लिए यूपीआई का इस्तेमाल करता है। देशभर में रोजाना करोड़ों यूपीआई ट्रांजेक्शन हो रहे हैं, जिनके जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये का लेनदेन हो रहा है।
एसबीआई ने जारी की चेतावनी
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक- भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को एक टेक्स्ट मैसेज कर चेतावनी दी है और सतर्क रहने की अपील की है। एसबीआई ने मैसेज में लिखा है, ”प्रिय एसबीआई ग्राहक, अप्रत्याशित डिपॉजिट के बाद तत्काल पैसे वापस करने वालेस अनुरोधों से सावधान रहें। सत्यापन के बिना कलेक्ट यूपीआई रिक्वेस्ट को अप्रूव न करें।”

यूपीआई के नाम से कैसे हो रहा है फ्रॉड
दरअसल, ऐप स्टोर पर कई फर्जी यूपीआई ऐप्स उपलब्ध हो गए हैं, जो दिखने में बिल्कुल असली यूपीआई की तरह ही हैं। साइबर अपराधी इन फर्जी ऐप्स के जरिए आपके नंबर पर एक ट्रांजैक्शन करेंगे और इसका एक स्क्रीनशॉट ले लेंगे। इसके बाद वे आपके नंबर पर आप ही के बैंक के नाम से एक फर्जी मैसेज भेजेंगे कि यूपीआई के जरिए आपके खाते में पैसे प्राप्त हुए हैं। अब ये अपराधी आपको स्क्रीनशॉट और मैसेज का हवाला देकर कॉल करेंगे और बोलेंगे कि उन्होंने गलती से आपके नंबर पर यूपीआई से पैसे भेज दिए हैं। इसके बाद वे आपको अपना यूपीआई नंबर देकर जल्द से जल्द पैसे वापस मांगेंगे।

यूपीआई इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो सावधान हो जाएं। ऐसा होने पर सबसे पहले तो आपको जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना है। अब आपको यूपीआई के साथ जुड़ा अपना बैंक खाता चेक करना है कि क्या सच में आपके पास पैसा आया है या नहीं। अगर आपके पास पैसे नहीं आए हैं तो सीधे साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें और शिकायत दर्ज करें।

अल-कादिर मामला: इमरान खान और बुशरा बीबी के खिलाफ तीसरी बार टला फैसला, जानें अब क्या थी वजह

0

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के खिलाफ अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में फैसला फिर टल गया है। खान और बुशरा के खिलाफ दिसंबर 2023 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस्लामाबाद: पाकिस्तान की एक अदालत ने 19 करोड़ पाउंड के अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के खिलाफ सोमवार को अपना फैसला तीसरी बार टाल दिया। इस्लामाबाद स्थित भ्रष्टाचार रोधी अदालत ने अब फैसला सुनाने की नई तारीख 17 जनवरी निर्धारित की है।
इस वजह से टला फैसला
जियो न्यूज के अनुसार, भ्रष्टाचार-रोधी अदालत के न्यायाधीश नासिर जावेद राणा ने 18 दिसंबर को सुनवाई पूरी कर ली थी लेकिन फैसला 23 दिसंबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया था। बाद में उन्होंने फैसला सुनाने की नई तारीख छह जनवरी तय की। न्यायाधीश राणा छह जनवरी को छुट्टी पर थे, इसलिए निर्णय 13 जनवरी के लिए टाल दिया गया था। आज न्यायाधीश ने एक बार फिर आरोपी के अदालत में पेश नहीं होने का हवाला देते हुए फैसला 17 जनवरी के लिए टाल दिया।

PTI और सरकार के बीच चल रही है बात
देखने वाली बात यह है कि, यह स्थगन ऐसे समय आया है जब सरकार और खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के बीच पूर्व प्रधानमंत्री और कई अन्य नेताओं के कारावास के कारण देश में राजनीतिक अस्थिरता को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। अब तक दो दौर की वार्ता हो चुकी है और इस सप्ताह एक और दौर की वार्ता होने की उम्मीद है। यह स्पष्ट नहीं है कि इस निर्णय का अगले दौर की वार्ता पर कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं।

19 करोड़ पाउंड का नुकसान
राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने दिसंबर 2023 में खान (72), बीबी (50) और छह अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें उन पर राष्ट्रीय कोष को 19 करोड़ पाउंड का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में खान और बीबी पर मुकदमा चलाया गया क्योंकि रियल एस्टेट कारोबारी सहित अन्य सभी आरोपी देश से बाहर हैं।

मध्य प्रदेश के धार्मिंक शहरों में बंद होंगी शराब की दुकानें, CM मोहन यादव ने खुद दिया हिंट

0

मध्य प्रदेश के धार्मिंक शहरों में शराब की दुकानें बंद करने पर विचार किया जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद इस मुद्दे पर सामने आकर अपनी राय रखी है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एक के बाद एक अपने कड़े फैसलों के कारण चर्चा में बने हुए हैं। अब मोहन यादव सरकार मध्य प्रदेश के धार्मिक नगरों में शराब की बंदी पर विचार कर रही है। बता दें कि काफी समय से राज्य की धार्मिक नगरियों में शराब को बैन किए जाने की मांग की जा रही थी। अब साधु संतों के सुझाव के बाद मध्य प्रदेश की सरकार धार्मिक शहरों में शराब बंदी की तैयारी कर रही है। खुद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस मामले पर बयान दिया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है।

क्या बोले सीएम मोहन यादव?
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने राज्य में धार्मिक शहरों में शराब बैन करने के मुद्दे पर बयान दिया है। सीएम मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार विचार कर रही है कि हम धार्मिक नगरों में नीति में संशोधन करे और धार्मिक नगरों से शराब की बंदी की तरफ बढ़े। सीएम मोहन यादव ने कहा कि कई साधु संतों और लोगों ने सुझाव दिए हैं और इस पर हमारी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।

जल्द ही इस बारे में निर्णय लेंगे- सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि हम हर हालत में धार्मिक नगरों की सीमा में शराब पर प्रतिबंध लगाएं और शराब की दुकान बंद करें। ताकि धार्मिक वातावरण को लेकर जो सब लोगों की शिकायत आती हैं उस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि हम इस मुद्दे पर गंभीर है और हम बहुत जल्दी इस बारे में निर्णय करेंगे।

विकास की नई गाथा लिख रहा कश्मीर’, सोनमर्ग से बोले PM मोदी, जानें और क्या कहा

0

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में पीएम मोदी ने 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज कश्मीर विकास की नई गाथा लिख रहा है।
पीएम मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग इलाके में 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया। इससे पर्यटकों के लिए इस पर्यटक स्थल पर पहुंचना पूरे साल संभव होगा। जेड-मोड़ सुरंग के निर्माण पर 2,716.90 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, ‘ये मौसम, ये बर्फ, ये बर्फ की सफेद चादर से ढकी खूबसूरत पहाड़ियां, इन्हें देखकर दिल एकदम प्रसन्न हो जाता है। 2 दिन पहले हमारे मुख्यमंत्री जी ने सोशल मीडिया पर यहां की कुछ तस्वीरें शेयर की थी। उन तस्वीरों को देखने के बाद यहां आपके बीच आने के लिए मेरी बेसब्री और बढ़ गई थी।’

आज देश के हर कोने में उत्सव का माहौल
उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत ही खास है। आज देश के हर कोने में उत्सव का माहौल है। आज से ही प्रयागराज में महाकुंभ आरंभ हो रहा है। करोड़ों लोग वहां पवित्र स्नान के लिए उमड़ रहे हैं। आज पंजाब समेत पूरा उत्तर भारत लोहड़ी की उमंग से भरा है। ये समय उत्तरायण, मकर संक्रांति, पोंगल जैसे कईं त्योहारों का है। मैं देश और दुनिया में इन त्योहारों को मना रहे सभी लोगों के मंगल की कामना करता हूं। ये मौसम सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थल के लिए नए मौके भी लाता है। देश भर से सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। कश्मीर की वादियों में आकर वो लोग आपकी मेहमाननवाजी का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

सेवक के रूप में बड़ी सौगात लेकर आया हूं
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज मैं एक बड़ी सौगात लेकर आपके एक सेवक के रूप में आपके बीच आया हूं। कुछ दिन पहले मुझे जम्मू में आपके अपने रेल डिवीजन का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। ये आपकी बहुत पुरानी डिमांड थी। आज मुझे सोनमर्ग टनल देश को और आपको सौंपने का मौका मिला है। यानी जम्मू-कश्मीर की, लद्दाख की एक और बहुत पुरानी डिमांड आज पूरी हुई है। आप पक्का मानिए, ये मोदी है वादा करता है, तो निभाता है। हर काम का एक समय होता है और सही समय पर सही काम भी होने वाले हैं। केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद ही 2015 में सोनमर्ग टनल के वास्तविक निर्माण का काम शुरु हुआ था। मुझे खुशी है कि इस टनल का काम हमारी ही सरकार में पूरा भी हुआ है।

तरक्की की नई बुलंदी की तरफ बढ़ चला भारत
पीएम मोदी ने कहा कि इस टनल से सर्दियों के मौसम में सोनमर्ग की कनेक्टिविटी भी बनी रहेगी। इससे सोनमर्ग समेत इस पूरे इलाके में टूरिज्म को भी नए पंख लगने वाले हैं। आने वाले दिनों में रेल और रोड कनेक्टिविटी के बहुत सारे प्रोजेक्ट्स जम्मू-कश्मीर में पूरे होने वाले हैं। अब तो कश्मीर वादी रेल से भी जुड़ने वाली है। मैं देख रहा हूं कि इसको लेकर भी यहां जबरदस्त खुशी का माहौल है। आज भारत, तरक्की की नई बुलंदी की तरफ बढ़ चला है। हर देशवासी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में जुटा है। ये तभी हो सकता है, जब हमारे देश का कोई भी हिस्सा, कोई भी परिवार तरक्की से पीछे न छुटे। इसके लिए ही हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ पूरे समर्पण से दिनरात काम कर रही है।

टनल्स, ऊंचे पुलों और रोप-वे का हब बन रहा कश्मीर
उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में जम्मू-कश्मीर सहित पूरे देश के 4 करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के घर मिले। आने वाले समय में 3 करोड़ और नए घर गरीबों को मिलने वाले हैं। जम्मू-कश्मीर में भी बीते 10 साल में एक से बढ़कर एक एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस बने हैं। इसका बहुत बड़ा लाभ यहां के हमारे नौजवानों को हुआ है। जम्मू-कश्मीर तो अब टनल का, ऊंचे-ऊंचे पुलों का, रोप-वे का हब बनता जा रहा है। दुनिया की सबसे ऊंची टनल्स यहां बन रही हैं, दुनिया के सबसे ऊंचे रेल-रोड ब्रिज, दुनिया की सबसे ऊंची रेल लाइन यहां बन रही है।

लाल चौक पर आइसक्रीम खाने जा रहे लोग
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के सफर में, बहुत बड़ा कंट्रीब्यूशन, हमारे टूरिज्म सेक्टर का है। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते, जम्मू-कश्मीर के उन इलाकों तक भी टूरिस्ट पहुंच पाएंगे, जो अभी तक अनछुए हैं। बीते 10 सालों में जम्मू-कश्मीर में अमन और तरक्की का जो माहौल बना है, उसका फायदा हम पहले ही टूरिज्म सेक्टर में देख रहे हैं। साल 2024 में 2 करोड़ से अधिक टूरिस्ट जम्मू-कश्मीर आए हैं। यहां सोनमर्ग में भी 10 साल में 6 गुना ज्यादा टूरिस्ट बढ़े हैं। इसका लाभ आपके लोगों को हुआ है, आवाम को हुआ है। 21वीं सदी का जम्मू-कश्मीर आज विकास की नई गाथा लिख रहा है। पहले के मुश्किल दिनों को पीछे छोड़कर हमारा कश्मीर अब फिर से धरती का स्वर्ग होने को पहचान वापस पा रहा है। अब लोग रात के समय भी लाल चौक पर आइसक्रीम खाने जा रहे हैं। रात के समय भी वहां बड़ी रौनक रहती है।

इस ईवी कंपनी के शेयर की हो सकती है जबरदस्त लिस्टिंग, 342 गुना हुआ सब्सक्राइब, देखिए GMP

0

इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी डेल्टा ऑटोकॉर्प के शेयर की स्टॉक एक्सचेंजों पर जबरदस्त लिस्टिंग हो सकती है। कंपनी के आईपीओ को 342 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला है। ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर शानदार प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। यह 54.60 करोड़ रुपये का एक एसएमई आईपीओ है। यह आईपीओ 7 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 9 जनवरी को बंद हुआ। गुरुवार, 10 जनवरी को आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट हो चुका है। अब 14 जनवरी को कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होने जा रहे हैं।
ग्रे मार्केट में बंपर प्रीमियम
डेल्टा ऑटोकॉर्प के शेयर ग्रे मार्केट में शानदार प्रीमियम पर ट्रेड करते दिखे हैं। शनिवार दोपहर ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर 130 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 115 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। इस तरह यह शेयर स्टॉक एक्सचेंजों पर 88.46 फीसदी के प्रीमियम के साथ 245 रुपये पर लिस्ट हो सकता है। आईपीओ में एक लॉट 1000 शेयरों का था। ऐसे में जिन निवेशकों को आईपीओ में शेयर अलॉट हुए हैं, उन्हें अच्छा-खासा मुनाफा होने की उम्मीद है। रिटेल निवेशकों ने इस आईपीओ में न्यूनतम 1.30 लाख रुपये निवेश किये हैं।

342 गुना हुआ सब्सक्राइब
डेल्टा ऑटोकॉर्प का आईपीओ कुल 342.1 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इस आईपीओ में रिटेल निवेशकों की कैटेगरी 314.33 गुना सब्सक्राइब हुई है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी एनआईआई की कैटेगरी को 624.28 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB कैटेगरी 178.64 गुना सब्सक्राइब हुई है।

क्या करती है कंपनी
इस कंपनी की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। डेल्टा ऑटोकॉर्प इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स और थ्री-व्हीलर्स बनाने व बेचने के बिजनेस में है। यह कंपनी Deltic ब्रांड नेम के साथ ऑपरेट करती है। कंपनी के पास 300 से ज्यादा डीलर्स का नेटवर्क है। कंपनी इन-हाउस प्रोडक्ट इनोवेशन पर फोकस करती है।

महाकुंभ मेले में फ्री बांटेगा ‘आरती संग्रह’ की 1 करोड़ प्रतियां, गीता प्रेस के साथ की डील

0

अडानी ग्रुप प्रयागराज में होने जा रहे महाकुंभ में भक्तों को फ्री में एक करोड़ ‘आरती संग्रह’ की प्रतियां बांटेगा। इसके लिए अडानी ग्रुप ने गीता प्रेस के साथ एक डील की है। आरती संग्रह नाम की इस पुस्तक को गीता प्रेस ने प्रकाशित किया है और यह पहल सनातन साहित्य सेवा का हिस्सा है। भारतीय संस्कृति के संरक्षण, प्रचार और प्रसार के उद्देश्य से समर्पित संगठन गीता प्रेस के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को अहमदाबाद में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी से मुलाकात की। अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘महाकुंभ भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महायज्ञ है। हमारे लिए यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि इस महायज्ञ में प्रतिष्ठित संस्था गीता प्रेस के सहयोग से हम कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को ‘आरती संग्रह’ की एक करोड़ प्रतियां निःशुल्क प्रदान कर रहे हैं।’
गौतम अडानी से मिले गीता प्रेस के प्रतिनिधि
उन्होंने कहा, ‘‘धर्म और संस्कृति के प्रति निस्वार्थ सेवा और जिम्मेदारी की भावना देशभक्ति का एक रूप है, जिसके लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं। सेवा ही ध्यान है, सेवा ही प्रार्थना है और सेवा ही ईश्वर है।’’ अडानी ने कहा, ‘‘आज मुझे गीता प्रेस के सम्मानित पदाधिकारियों से प्रेरणा मिली, जो सनातन साहित्य के माध्यम से 100 वर्षों से राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं और मुझे गीता प्रेस की उत्कृष्ट सेवा के लिए अपना आभार व्यक्त करने का सौभाग्य मिला।’’ सनातन धर्म की सेवा के लिए प्रतिबद्ध गीता प्रेस ने वर्ष 2023 में अपने 100 वर्ष पूरे कर लिये हैं। अडानी समूह के साथ सहयोग के बारे में गीता प्रेस के प्रतिनिधियों ने कहा कि पवित्र भावना से काम करने वाली हर संस्था के प्रति उनके मन में अत्यंत सम्मान है। गीता प्रेस की ओर से महासचिव नीलरतन चांदगोठिया, ट्रस्टी देवी दयाल अग्रवाल, ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य राम नारायण चांडक, प्रबंधक लाल मणि तिवारी एवं आचार्य संजय तिवारी ने अडानी से भेंट की।
महाप्रसाद सेवा भी होगी
अडानी ग्रुप और इस्कॉन ने महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को भोजन परोसने के लिए हाथ मिलाया है। दोनों संस्थानों की तरफ से 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ मेले की पूरी अवधि के दौरान महाप्रसाद सेवा दी जाएगी। महाप्रसाद सेवा 50 लाख भक्तों को दी जाएगी और भोजन मेला क्षेत्र के अंदर और बाहर दो रसोई में तैयार किया जाएगा। महाप्रसाद महाकुंभ क्षेत्र में 40 स्थानों पर वितरित किया जाएगा और इस पहल में 2,500 स्वयंसेवक शामिल होंगे। दिव्यांगों, बुजुर्गों और बच्चों वाली माताओं के लिए गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की गई है।

दिल्ली में कब होने वाली है बारिश? यूपी-बिहार को लेकर भी आया बड़ा अपडेट

0

दिल्ली और उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का सामना हो रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और माइनस तापमान के साथ ठंड बढ़ी है। आने वाले समय में कई राज्यों में मौसम करवट ले सकता है।
दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इस वक्त कड़ाके की ठंड और शीतलहर का सामना कर रहा है। सुबह और शाम को घना कोहरा और सर्द हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। शनिवार और रविवार को दिल्ली में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कोहरे ने दिल्ली की स्थिति को और भी कठिन बना दिया है, जिससे ट्रेनों और फ्लाइट्स का संचालन प्रभावित हो रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम में बदलाव आने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे लोग जबरदस्त ठंड का सामना कर रहे हैं। आइए अब जानते हैं कि आज देशभर में मौसम का हाल क्या रहने वाला है।
दिल्ली में आज और कल हो सकती है बारिश
दिल्ली में शनिवार को रात गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। दिन में कुछ दिनों तक कंपकंपी महसूस हो सकती है। आज दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में मध्यम कोहरा और स्मॉग छाए रहने की संभावना है, और कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छा सकता है। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

12 जनवरी को दिल्ली में मध्यम कोहरा छा सकता है और सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 13 से 16 जनवरी तक दिल्ली में मध्यम कोहरा बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19-20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

कैसा रहेगा पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। 12 से 14 जनवरी तक घना कोहरा प्रदेश के कई हिस्सों को परेशान करेगा। हरियाणा में भी आज घने कोहरे का येलो अलर्ट है और 12 से 14 जनवरी तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश की संभावना
जम्मू-कश्मीर में आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है और यहां के पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। ऐसे में सूबे के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। उत्तराखंड की बात करें तो इस पहाड़ी सूबे में भी आज और कल बारिश की संभावना है, साथ ही गरज-चमक का भी अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में ठंड और बारिश का डबल अटैक देखने को मिलेगा, और कल से ठंड बढ़ने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में शनिवार को गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ समेत सूबे के 36 जिलों में बादल गरजने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से सूबे के कई इलाकों में लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ सकता है। बिहार की बात करें तो यहां मकर संक्रांति तक ठंड में थोड़ी राहत मिल सकती है। शनिवार को बिहार के कई हिस्सों में हल्का और मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इसके अलावा 12 जनवरी को बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

राजस्थान में बारिश के साथ ओलावृष्टि
राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। हालांकि, सूबे के कई इलाकों में अभी भी कड़ाके की ठंंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, 11 जनवरी को इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।