2.8 C
Munich
Friday, November 6, 2026

एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर हो रही ठगी, आवेदन से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर करें जांच

Must read

 रांची
 सरकारी नौकरी की चाहत और बेरोजगार युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाने के लिए ठगों ने अब रांची एयरपोर्ट के नाम का सहारा लिया है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का दावा करने वाले फर्जी बहाली पोस्टर और विज्ञापनों को लेकर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने अलर्ट जारी किया है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे विज्ञापनों के झांसे में नहीं आएं। किसी भी नियुक्ति संबंधी सूचना की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि करने के बाद ही आवेदन करें।

रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में रोजगार की तलाश कर रहे युवा नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के जोखिम का सामना कर रहे हैं। ठग प्रतिष्ठित सरकारी संस्थानों और कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर बेरोजगारों को आकर्षित करते हैं। फर्जी विज्ञापनों में आकर्षक वेतन, स्थायी नौकरी और जल्द नियुक्ति का लालच दिया जाता है। इसके बाद आवेदन शुल्क, पंजीकरण, मेडिकल जांच, प्रशिक्षण और नियुक्ति पत्र जारी करने के नाम पर रुपये मांगे जाते हैं।

एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी किसी भी भर्ती की जानकारी एएआई की आधिकारिक वेबसाइट से सत्यापित करें। अनजान व्यक्तियों को नौकरी के नाम पर रुपये नहीं दें। ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या पुलिस से शिकायत करें।

फर्जी नियुक्ति पत्र से लेकर दस्तावेजों के दुरुपयोग तक का खतरा
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह इंटरनेट मीडिया और मोबाइल संदेशों के माध्यम से युवाओं तक पहुंचते हैं। कई बार सरकारी संस्थानों के लोगो और अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर विज्ञापनों को वास्तविक दिखाने की कोशिश की जाती है।

ठग युवाओं से आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और बैंक खाते की जानकारी भी मांग सकते हैं। इससे आर्थिक नुकसान के साथ पहचान संबंधी दस्तावेजों के दुरुपयोग का खतरा बढ़ जाता है। 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article