5.2 C
Munich
Wednesday, November 4, 2026

रणजी ट्रॉफी: एक जीत के बाद भी पूरी टीम बाहर, अध्यक्ष-सचिव की लड़ाई में फंसे खिलाड़ी

Must read

नई दिल्ली
 रणजी ट्रॉफी में मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन के अंदर चल रही खींचतान के कारण बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नागालैंड के खिलाफ प्लेट डिवीजन के मुकाबले से ठीक पहले पूरी टीम को बदल दिया गया। मैच से दो दिन पहले नई टीम का ऐलान किया गया। मेघालय की पुरानी टीम ने शुरुआती तीन मुकाबले खेले थे और एक मैच में जीत हासिल कर पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर थी। खिलाड़ी चौथे मैच से पहले अभ्यास भी कर रहे थे, लेकिन मेघालय हाई कोर्ट के फैसले के बाद एमसीए अध्यक्ष जेम्स संगमा ने नई टीम का चयन कर दिया।

एमसीए में अध्यक्ष और सचिव के बीच विवाद
इस पूरे विवाद की जड़ एमसीए अध्यक्ष जेम्स संगमा और सचिव रेनॉल्ड खार्कमनी के बीच चल रही खींचतान है। खार्कमनी को राज्य की अंडर-23 महिला टीम की खिलाड़ियों से जुड़े यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया था। इस निलंबन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए मेघालय हाई कोर्ट ने कार्रवाई को बरकरार रखा। कोर्ट ने खार्कमनी के फैसलों को अवैध माना और एमसीए की एपेक्स काउंसिल की चुनी गई रणजी टीम को भी अमान्य करार दिया। इसके बाद संगमा के गुट ने नागालैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए नई टीम चुनी।

टीम से बाहर किए गए अनुभवी बल्लेबाज राहुल दलाल ने इस फैसले पर निराशा जताई। वह 41 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, 'शुक्रवार को फैसला अध्यक्ष के पक्ष में आया। हम शनिवार और रविवार को प्रैक्टिस के लिए गए। हमें लगा कि हम खेलने वाले हैं, क्योंकि हम पहले तीन राउंड में खेल चुके थे। इसलिए हमने नहीं सोचा था कि चौथे मैच से दो दिन पहले ऐसा कुछ हो जाएगा। हम मैदान पर गए, प्रैक्टिस की और फिर रविवार को जब हम वापस आए, तो हमें पता चला कि हमारे जाने के बाद दूसरी टीम ने प्रैक्टिस की थी।'

सोशल मीडिया पर हुआ टीम का ऐलान
राहुल दलाल बताया कि शुरुआत में नई टीम के कुछ खिलाड़ियों का ही रजिस्ट्रेशन हुआ था। अधिकारियों ने पुराने खिलाड़ियों से नई टीम के साथ मिलकर खेलने को कहा, लेकिन उन्होंने एक साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद रात करीब 11 बजे उन्हें बताया गया कि सभी नए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और सोशल मीडिया पर नई टीम का ऐलान भी कर दिया गया है।

पुराने खिलाड़ी शुभकामनाएं देकर मैदान से लौटे
राहुल दलाल ने कहा कि पुराने खिलाड़ी अपना किट बैग लेने मैदान पहुंचे, नई टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और उन्हें शुभकामनाएं देकर लौट आए। उन्होंने कहा कि टीम ने तीन मैच खेले थे और एक बड़ी जीत भी हासिल की थी। ऐसे में अचानक पूरी टीम बदलने से सभी खिलाड़ी दुखी हैं।

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article