7.5 C
Munich
Friday, November 20, 2026

रांची के जगन्नाथ मंदिर में विशेष आयोजन, बदलेगा ध्वज और लगेगा पारंपरिक भोग

Must read

रांची
 देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर धुर्वा स्थित बड़कागढ़ के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर का ध्वज बदला जाएगा। साथ ही महाप्रभु श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र स्वामी को नवीन वस्त्र धारण कराए जाएंगे। देव जागरण की विशेष पूजा के साथ मंदिर में चातुर्मास के समापन का धार्मिक उत्सव मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर में तैयारियां की गई हैं।

मंदिर के प्रथम सेवक एवं शेबैत ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव ने बताया कि देवउठनी एकादशी पर श्रद्धालुओं के लिए सुबह पांच बजे मंदिर का पट खोल दिया जाएगा। सुबह छह बजे महाप्रभु की मंगल आरती होगी। इसके बाद बाल भोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे भगवान को अन्न भोग चढ़ाया जाएगा। इसके 10 मिनट बाद यानी 12:10 बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जाएगा। दोपहर तीन बजे पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे।

शालिग्राम स्वरूप का होगा जल और दुग्ध से अभिषेक
देवउठनी एकादशी का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान शाम छह बजे से शुरू होगा। इस दौरान महाप्रभु के शालिग्राम स्वरूप को जल और दुग्ध से विधिवत स्नान कराया जाएगा। अभिषेक के बाद भगवान को ईख (गन्ना), चूड़ा, गुड़ और कंद का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद महाप्रभु की मंगल आरती संपन्न होगी। इस अनुष्ठान में श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ शामिल होंगे।

चार महीने की योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है।

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article