3.6 C
Munich
Monday, November 2, 2026

कौन हैं IAS प्रीति मैथिल? 23 की उम्र में बनीं अफसर, अब केंद्र सरकार में मिली बड़ी जिम्मेदारी

Must read

भोपाल

 केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग यानी DoPT ने मध्य प्रदेश कैडर की 2009 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रीति मैथिल को केंद्र सरकार में संयुक्त सचिव या उसके समकक्ष स्तर के पदों पर नियुक्ति के लिए हरी झंडी दे दी है। उनकी फाइल को पहले 'लेफ्ट-ओवर' कैटेगरी में रखा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। इस नए प्रशासनिक विकास के साथ ही वह केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में वरिष्ठ नीति निर्माण और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए पात्र हो गई हैं।

वर्तमान में प्रीति मैथिल मध्य प्रदेश क्षेत्र के लिए भोपाल स्थित ट्राइफेड (Tribal Cooperative Marketing Development Federation of India) में महाप्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनका यह वर्तमान असाइनमेंट नॉन-सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम पद के अंतर्गत आता है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
प्रीति मैथिल की यह उपलब्धि उनके संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति का एक अनूठा उदाहरण है। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में 5 जुलाई 1985 को जन्मीं प्रीति का शुरुआती जीवन आर्थिक तंगी के बीच बीता। उनके पिता संतोष कुमार ने पहले भोपाल शुगर मिल में दैनिक वेतन भोगी मजदूर के रूप में काम किया और नौकरी छूटने के बाद परिवार का भरण-पोषण करने के लिए छोटे पैमाने पर खेती का सहारा लिया। तमाम वित्तीय कठिनाइयों के बावजूद उनके माता-पिता ने बच्चों की शिक्षा पर पूरा जोर दिया।

कृषि की पढ़ाई में मिला है गोल्ड मेडल
उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा शारदा विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से संबद्ध सीहोर के राफ अहमद किदवई कृषि कॉलेज से कृषि विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की, जहां उन्हें उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था। अपनी मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि के दम पर उन्होंने साल 2008 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में मात्र 23 वर्ष की आयु में ऑल इंडिया रैंक 92 हासिल की और आईएएस के लिए चुनी गईं।

कई जिलों में रही कलेक्टर और डीएम
आईएएस बनने के बाद प्रीति मैथिल ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में अपनी प्रशासनिक छाप छोड़ी है। उन्होंने सागर, रीवा और मंडला जिलों में बतौर कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट सफलतापूर्वक काम किया है। इसके अलावा उन्होंने राज्य शासन में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में कमिश्नर-सह-डाइरेक्टर और सचिव स्तर की जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। इसके अतिरिक्त वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के अपर सचिव के रूप में भी उच्च स्तरीय प्रशासनिक समन्वय और नीतिगत निर्णय लेने का कार्य कर चुकी हैं।

संयुक्त सचिव एंपैनल्मेंट का क्या है मतलब?
केंद्र सरकार में संयुक्त सचिव या समकक्ष पदों के लिए एंपैनल्मेंट होना वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के करियर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जाता है। इस प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नीति निर्माण, कार्यक्रम क्रियान्वयन और प्रशासनिक समन्वय के लिए योग्य अधिकारियों का चयन किया जाता है। हालांकि, एंपैनल्मेंट का मतलब यह नहीं है कि अधिकारी को तुरंत किसी विशेष मंत्रालय में पदस्थ कर दिया गया है; इसके लिए अलग से आधिकारिक नियुक्ति आदेश जारी किया जाता है। बहरहाल, इस ताजा आदेश के साथ ही प्रीति मैथिल का केंद्र सरकार में वरिष्ठ पदों पर सेवा देने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article