7.1 C
Munich
Monday, November 2, 2026

पार्किंग ठेकों पर कसेगा शिकंजा, बठिंडा निगम 178 आउटसोर्स कर्मियों को करेगा इंसोर्स

Must read

बठिंडा 

 नगर निगम की 2 नवंबर को होने वाली जनरल हाउस बैठक में शहर के विकास और कर्मचारियों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विचार होगा। इनमें 178 आउटसोर्स कर्मचारियों को इंसोर्स करने का प्रस्ताव प्रमुख है। मंजूरी मिलने पर लंबे समय से आउटसोर्स आधार पर काम कर रहे इन कर्मचारियों को नियमित व्यवस्था के तहत काम करने का रास्ता खुल सकता है। इसे कर्मचारियों के लिए दिवाली का तोहफा माना जा रहा है।

पंजाब सरकार के 26 अगस्त 2026 के नोटिफिकेशन और पंजाब स्टेट आउटसोर्स्ड पर्सनल (ट्रांजिशन टू कान्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट) एक्ट 2026 के तहत निगम ने कर्मचारियों की स्क्रीनिंग के लिए कमेटी बनाई थी। कमेटी ने 24 सितंबर को बैठक कर विभागों से मिले हाजिरी, रिकार्ड और योग्यता संबंधी विवरण की जांच की।

एजेंडे के अनुसार, हाजिरी वाली श्रेणी के 44 कर्मचारियों में 33 योग्य और 11 अयोग्य पाए गए। नॉन-हाजिरी श्रेणी में 460 कर्मचारियों का उल्लेख है, जिनमें 178 योग्य और 268 अयोग्य बताए गए हैं। वित्त एवं लेखा, ओएंडएम, बागवानी, जनरल और वाटर सप्लाई एवं सीवरेज शाखा के योग्य कर्मचारियों को इंसोर्स करने की मंजूरी मांगी जाएगी।

ठेकेदार पर 97.79 लाख रुपये बकाया
माल रोड और मल्टीलेवल कार पार्किंग का ठेका गुरमेल सिंह विर्क को 21 जून 2023 से 20 जून 2028 तक 69.98 लाख रुपये सालाना की बिड पर दिया गया था। निगम के अनुसार, ठेकेदार ने 10 अगस्त 2025 से किस्तें जमा नहीं कराईं। 10 अगस्त 2025 से 9 अक्टूबर 2026 तक 97,79,588 रुपये बकाया हैं।

कई नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। ठेकेदार ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसकी अगली सुनवाई 30 अक्टूबर 2026 तय थी। एजेंडे के मुताबिक अदालत ने स्टे आर्डर जारी नहीं किया है। निगम ठेका रद्द कर 17.42 लाख रुपये की बैंक गारंटी जब्त करने का प्रस्ताव रखेगा।

सब्जी मंडी रोड को करीब 80 फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव है। अभी इसकी चौड़ाई करीब 50 फीट है। बाल्मीकि चौक से सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक समस्या दूर करने के लिए टिप्पर स्टैंड की चारदीवारी 30 फीट पीछे करने और खर्च की मंजूरी मांगी जाएगी।

किराये की दुकानों पर भी लिया निर्णय
स्थानीय निकाय विभाग के 9 अक्टूबर के पत्र के तहत निगम की किराये की दुकानों को बेचने या ट्रांसफर करने के निर्देशों पर चर्चा होगी। पंजाब मैनेजमेंट एंड ट्रांसफर ऑफ म्यूनिसिपल प्रॉपर्टी एक्ट 2020 और नियम 2021 के तहत एसओपी को समय-सीमा बढ़ाकर लागू करने की मंजूरी भी मांगी जाएगी।

वर्क्स ब्रांच ने विभिन्न वार्डों में 20 विकास कार्यों के एस्टीमेट बनाए हैं। इनमें मॉडल टाउन में शौचालय ब्लाक की मरम्मत पर 9.90 लाख, लाल सिंह बस्ती में इंटरलाकिंग टाइलों पर 44.48 लाख और संजय नगर में सभागार निर्माण पर 45.29 लाख रुपये शामिल हैं। गुरु नानक नगर और गिल पट्टी की गलियों में टाइलें लगाने, मॉडल टाउन में टाइलें बिछाने तथा भग्गू रोड, पावर हाउस रोड और सिविल लाइंस में स्ट्रीट लाइटें लगाने के काम भी प्रस्तावित हैं।

एम्स चौक पर एआई कैमरा आधारित व्हीकल एक्टिवेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के लिए 19.60 लाख रुपये का एस्टीमेट है। तहबाजारी शाखा के पुराने लेबर कर्मचारियों की सप्लाई अवधि एक साल बढ़ाने के लिए 12.68 लाख रुपये का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। सभी प्रस्तावों पर हाउस की मंजूरी ली जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article